भारत में एडवेंचर बाइक्स का क्रेज़ पिछले कुछ सालों में जिस तेज़ी से बढ़ा है, उसे देखकर एक बात साफ़ है जो यह है की अब राइडर्स सिर्फ ऑफिस आने-जाने वाली बोरिंग बाइक्स से ऊब चुके हैं। लेकिन असली चुनौती तब आती है जब बजट सीमित हो और आपको एक ऐसी मोटरसाइकिल चाहिए जो रोज़ के भारी ट्रैफिक, वीकेंड पर हाईवे की सैर और जब मन करे तब ऑफ-रोडिंग इनतीनों काम बिना किसी दिक्कत के कर दे।
हीरो की एक्सपल्स सीरीज़ को मैंने पहले दिन से बहुत करीब से फॉलो किया है। ऑटोमोबाइल की दुनिया का एक सीधा सा नियम है कि कागज़ पर लिखे नंबर्स और सड़क की हकीकत, दोनों हमेशा एक जैसी कहानी नहीं बताते।
Hero XPulse 210 भी एक ऐसी ही मशीन है जो स्पेसिफिकेशन शीट से ज़्यादा अपने राइडिंग एक्सपीरिएंस से दिल जीतती है। हमारी टीम के राइडर वीर राज ने जब इसे चलाकर अपना फीडबैक दिया, तो उनका एक वाक्य इस बाइक के पूरे कैरेक्टर को बयां करने के लिए काफी था: “इस बाइक का असली मज़ा रोड पर नहीं, बल्कि रोड के खत्म होने के बाद शुरू होता है।”
Look and Presence: क्या यह बड़ी एडवेंचर बाइक लगती है?

डिज़ाइन के मामले में हीरो ने इस बार वाकई कमाल किया है। XPulse 210 को जब आप पहली बार सामने से देखते हैं, तो इसकी रोड प्रेजेंस आपको इम्प्रेस करती है। इसका मस्कुलर स्टांस और टॉल प्रोफाइल इसे एक प्रॉपर, मैच्योर एडवेंचर मोटरसाइकिल वाली फील देते हैं।
चाहे इसका फ्रंट लुक हो या स्लीक रियर सेक्शन, बाइक कहीं से भी सस्ती या किसी रेगुलर 150-160cc बाइक का मॉडिफाइड वर्जन नहीं लगती। इसे देखकर ही समझ आता है कि इसे रफ यूज़ और एडवेंचर को ध्यान में रखकर ही स्क्रैच से तैयार किया गया है।
Engine Performance: 80-90 Kmph पर असली कम्फर्ट zone

शहर के ट्रैफिक और सामान्य हाईवे राइडिंग के दौरान इस नए इंजन का रिफाइनमेंट आपको सबसे पहले महसूस होता है। 80 से 90 km/hr की रफ्तार तक इसका एक्सीलरेशन बेहद लीनियर और स्मूथ है। यहाँ तक कि अगर आप इसे 100-110 km/hr की स्पीड पर भी खींचते हैं, तो बाइक काफी शांत और स्थिर बनी रहती है।
सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि हीरो ने इंजन के वाइब्रेशन्स पर बहुत बेहतरीन काम किया है। हैंडलबार और फुटपेग्स पर वो झुंझलाहट देने वाला कंपन (बज़) गायब है जो अक्सर छोटी एडवेंचर बाइक्स में 100 की स्पीड छूते ही आ जाता है। XPulse 210 उस हाई-स्पीड पर भी थकी हुई महसूस नहीं होती, जिससे लंबी दूरी की राइड्स में राइडर का कॉन्फिडेंस बना रहता है।
हालांकि, हाईवे का एक सच यह भी है कि 90 km/hr की रफ्तार पार करने के बाद, अगर आपको किसी बड़े ट्रक या बस को झटके से ओवरटेक करना हो, तो आपको थोड़ी प्लानिंग करनी पड़ेगी। थ्रॉटल खींचते ही जो ‘क्विक पुल’ मिलना चाहिए, वो यहाँ थोड़ा कम है। अगर आप प्योर परफॉर्मेंस के दीवाने हैं, तो शायद आपको यह बात थोड़ी खलेगी।
Off Roading: जहाँ कोई रास्ता नहीं, वहाँ एक्सपल्स का राज
अगर मुझसे कोई पूछे कि इस बाइक की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) क्या है, तो मैं बिना सोचे इसका सस्पेंशन सेटअप चुनूँगा। सच कहूँ तो, इस बजट में इससे बेहतर सस्पेंशन मिलना नामुमकिन है।
टूटी-फूटी सड़कें, गहरे गड्ढे, कीचड़ या पथरीले रास्तों पर यह बाइक जिस तरह से निकलती है, वह कमाल है। जब आप पैडल पर खड़े होकर (Standing Position) इसे चलाते हैं, तो बाइक का बॉडी बैलेंस बेहद नैचुरल लगता है। इस बाइक की सबसे खूबसूरत बात यही है कि आपको किसी भी अनजान या खराब रास्ते पर जाने से पहले यह सोचना ही नहीं पड़ता कि आगे का रास्ता कैसा होगा। यह आज़ादी ही इसे अपने सेगमेंट की बाकी बजट बाइक्स से मीलों आगे ले जाती है।
फीचर्स, सीट कम्फर्ट और माइलेज

फीचर्स के मामले में इस बार हीरो ने कोई कंजूसी नहीं की है। बाइक में दिया गया नया टीएफटी (TFT) इंस्ट्रूमेंट कंसोल काफी प्रीमियम है। इसकी ब्राइटनेस इतनी सॉलिड है कि दोपहर की कड़क धूप में भी सारी जरूरी इंफॉर्मेशन साफ़-साफ़ पढ़ी जा सकती है।
लॉन्ग राइड्स के लिहाज़ से इसकी अपराइट राइडिंग पोजीशन (सीधे बैठने का पोस्चर) और सीट का सपोर्ट बहुत ही आरामदायक है। लगातार तीन-चार घंटे बाइक चलाने के बाद भी आपकी पीठ या हिप्स में दर्द नहीं होगा।
अब आते हैं सबसे ज़रूरी सवाल पर जो है कि इसके माइलेज का क्या सीन है? वीर राज के ऑन-रोड टेस्ट के मुताबिक, इस बाइक ने मिक्स राइडिंग कंडीशंस में लगभग 35 से 36 किमी/लीटर का प्रैक्टिकल माइलेज दिया है। ज़ाहिर है, अगर आप बहुत हैवी ऑफ-रोडिंग करेंगे या पहले गियर में बाइक को खींचेंगे, तो यह नंबर थोड़ा गिरेगा। लेकिन एक एडवेंचर बाइक के हिसाब से यह काफी पॉकेट-फ्रेंडली आंकड़ा है।
खूबियाँ और कमियाँ (Pros & Cons)

जो बातें सबसे ज़्यादा पसंद आईं:
- 100-110 km/hr तक बेहद रिफाइंड और वाइब्रेशन-फ्री इंजन परफॉर्मेंस।
- खराब रास्तों और ऑफ-रोड पर गड्ढों को मक्खन की तरह सोखने वाला सस्पेंशन।
- लंबी यात्राओं के लिए बेहद आरामदायक राइडिंग पोस्चर।
- प्रीमियम, मॉडर्न और साफ़ दिखने वाला टीएफटी कंसोल।
- बजट एडवेंचर सेगमेंट के हिसाब से काफी व्यावहारिक माइलेज।
जहाँ सुधार की गुंजाइश है:
- 90 km/hr के बाद हाईवे पर क्विक ओवरटेक के लिए थोड़े एक्स्ट्रा एफर्ट की ज़रूरत होती है।
- रात के समय हाईवे राइडिंग के लिए हेडलाइट का थ्रो थोड़ा और ब्राइट हो सकता था।
- बिल्कुल धीमी स्पीड या टेक्निकल ऑफ-रोडिंग के वक्त लो-एंड टॉर्क थोड़ा कम महसूस होता है, जिससे बाइक बंद होने का डर रहता है (थोड़ा ज़्यादा रेव करना पड़ता है)।
- कुछ खास हिस्सों पर पैनल गैप्स और प्लास्टिक फिनिशिंग को थोड़ा और बेहतर किया जा सकता था।
- 5 फीट 6 इंच से कम हाइट वाले राइडर्स के लिए शहर के बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक में पैर टिकाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
हमारा आखिरी फैसला
Hero XPulse 210 एक ऐसी मोटरसाइकिल है जो सिर्फ कागज़ के आंकड़ों में अपनी हवा नहीं बनाती, बल्कि ज़मीन पर उतरकर अपनी काबिलियत साबित करती है। हीरो ने इसे इस तरह ट्यून किया है कि यह आपकी मंडे-टू-फ्राइडे वाली ऑफिस कम्यूटिंग भी संभाल ले और सैटरडे-संडे वाले एडवेंचर का मज़ा भी खराब न होने दे।
अगर आपका बजट ₹2 लाख के आसपास है और आप एक ऐसी वर्सटाइल बाइक चाहते हैं जिससे आप लद्दाख के रास्तों से लेकर अपने शहर के गड्ढों तक को बेझिझक पार कर सकें, तो यह बाइक आपकी लिस्ट में टॉप पर होनी चाहिए। इसकी कुछ छोटी-मोटी कमियाँ ज़रूर हैं, लेकिन इस प्राइस पॉइंट पर जो ऑफ-रोड क्षमता और कम्फर्ट यह ऑफर करती है, उसके सामने वे कमियाँ बहुत छोटी लगने लगती हैं। बस शोरूम जाकर एक बार लंबी टेस्ट राइड ज़रूर लें, ताकि आपको इसकी सीट हाइट और सस्पेंशन का खुद अंदाज़ा हो सके।

अंकित मंजरिया एक ऑटोमोबाइल कंटेंट राइटर, SEO प्रोफेशनल और Autobaba के संस्थापक हैं। उन्हें कारों और मोटरसाइकिलों के वास्तविक ओनरशिप अनुभव, लॉन्ग-टर्म रिव्यू, माइलेज टेस्ट और खरीदारी गाइड लिखने का अनुभव है। उनका उद्देश्य सिर्फ स्पेसिफिकेशन बताना नहीं, बल्कि भारतीय खरीदारों को ऐसी जानकारी देना है जो वास्तविक ड्राइविंग, रोज़मर्रा के उपयोग और प्रैक्टिकल ओनरशिप पर आधारित हो। Autobaba पर प्रकाशित उनके लेख निष्पक्ष रिसर्च, विश्वसनीय स्रोतों और वास्तविक उपयोग के अनुभव को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों को सही खरीदारी का निर्णय लेने में मदद मिल सके।