अगर आप 2 लाख रूपये के बजट में एक ऐसी मोटरसाइकिल ढूंढ रहे हैं जो रोजाना आपको सिटी में चलाने या ऑफिस जाने, वीकेंड राइड्स और कभी-कभार की हाईवे टूर में अच्छा प्रदर्शन करे, तो ऐसे में TVS Ronin डेफिनेटली आपकी शॉर्टलिस्ट में होनी चाहिए। लेकिन क्या एक साल बाद भी इसे खरीदने का फैसला सही लगता है? क्या दिल्ली जैसे भारी ट्रैफिक में इसे रोज़ चलाना प्रैक्टिकल है?
जब मैंने TVS Ronin खरीदी थी, तब मेरे मन में भी बिल्कुल वही सारे सवाल और शंकाएं थीं जो शायद आज इस लेख को पढ़ते समय आपके मन में होंगी। अब इस बाइक के साथ लगभग 1 साल का समय बिताने और ओडोमीटर पर 8,000 KM का सफर पूरा करने के बाद, मुझे लगता है कि मैं इसके बारे में एक ईमानदार राय दे सकता हूँ। यह रिव्यू किसी शोरूम की 10 मिनट की टेस्ट राइड या फर्स्ट राइड इम्प्रेशन पर आधारित नहीं है, बल्कि यह अनुभव मुझे पिछले एक साल में इसे हर तरह की सड़क और परिस्थितियों में चलाने के बाद मिला है।

Editorial Note: यह आर्टिकल ओनर तनिष् ठाकुर के रियल ओनरशिप एक्सपीरियंस पर बेस्ड है। Autobaba एडिटोरियल टीम ने इस एक्सपीरियंस को बेहतर रीडेबिलिटी और स्ट्रक्चर के लिए प्रोफेशनली एडिट किया है, ताकि ओनर के मूल विचारों को बिना बदले आप तक सही जानकारी पहुँच सके।
Ownership Details
| विवरण | जानकारी |
| बाइक और वेरिएंट | TVS Ronin (Mid Variant – Dual Channel ABS) |
| ओनरशिप की अवधि | लगभग 1 वर्ष |
| कुल रनिंग (Odometer) | 8,000+ KM |
| प्राथमिक उपयोग | Daily Commute + Weekend Rides |
| लोकेशन / शहर | दिल्ली |
| ऑन-रोड कीमत | लगभग ₹1.80 लाख (दिल्ली) |
इंटरनेट वाले रीव्यू और असली ओनरशिप में फर्क

जब भी कोई बाइक खरीदने का विचार करता है तो वो सबसे पहले यूट्यूब या सोशल मीडिया में खोज जरुर करता है। वैसे तो आपको ऐसी जगह TVS Ronin के सैकड़ों रिव्यू मिल जाएंगे।करीब 8,000 किलोमीटर चलाने के बाद इसकी कई ऐसी बातें सामने आईं जो पहली टेस्ट राइड में बिल्कुल समझ नहीं आतीं।
किसी भी मोटरसाइकिल को खरीद कर अपने घर लाते हैं तो तब उसकी असली कहानी तब शुरू होती है जब शुरुआती उत्साह थोड़ा कम हो जाता है, जब पहली और दूसरी सर्विस हो चुकी होती है, और जब आपको कड़कती गर्मी या भारी बारिश में रोज़ उसी बाइक को ट्रैफिक के बीच से निकालकर ऑफिस ले जाना पड़ता है।
मेरे लिए भी रोनिन का असली टेस्ट पहले हफ्ते में नहीं, बल्कि पहले कुछ महीनों के बाद शुरू हुआ जब यह मेरी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक अहम हिस्सा बन गई।
मैंने TVS Ronin क्यों खरीदी? (Buying Decision)
सच कहूँ तो TVS Ronin मेरी पहली पसंद बिल्कुल नहीं थी। मैं शोरूम में Apache RTR देखने के इरादे से गया था और उस समय रॉयल एनफील्ड हंटर 350 (Hunter 350) भी मेरी शॉर्टलिस्ट में टॉप पर थी। करीब दो महीने तक मैं इंटरनेट पर वीडियो देखता रहा, दोस्तों से सलाह लेता रहा और शोरूम जाकर बार-बार इनकी तुलना करता रहा। शुरुआत में हर बार मेरा झुकाव अपाचे की तरफ ही होता था।
लेकिन मैं जितना ज़्यादा गहराई से सोचता गया, मुझे यह साफ होता गया कि मुझे सिर्फ एक तेज़ भागने वाली स्पोर्टी बाइक नहीं चाहिए। मेरी ज़रूरत एक ऐसी मोटरसाइकिल की थी जिसे मैं सोमवार की सुबह बिना किसी झंझट के ऑफिस के भारी ट्रैफिक में ले जा सकूँ और रविवार को बिना पीठ दर्द के 200 KM की हाईवे राइड पर भी निकल सकूँ। मुझे परफॉर्मेंस और आराम का एक सही मिक्स चाहिए था, और इसी जरूरत ने धीरे-धीरे रोनिन को मेरी पहली पसंद बना दिया।
रॉयल एनफील्ड हंटर 350 को क्यों छोड़ दिया?
हंटर 350 आज भी एक बहुत अच्छी बाइक है, लेकिन टेस्ट राइड के दौरान मुझे दोनों में एक बड़ा फर्क साफ महसूस हुआ। रोनिन चलाने में हंटर के मुकाबले काफी हल्की और फुर्तीली लगी, जिससे ट्रैफिक में इसे संभालना कहीं ज़्यादा आसान महसूस हुआ। इसके अलावा, इसकी अपराइट राइडिंग पोज़िशन मेरे शरीर के लिए ज़्यादा स्वाभाविक और आरामदायक थी। चूंकि मैं रोज़ बाइक चलाने वाला इंसान हूँ, इसलिए मेरे लिए हर दिन का कम्फर्ट वीकेंड की ‘थम्प वाली फील’ से ज़्यादा जरूरी था। यही वजह थी कि मैंने आखिरकार रोनिन के पक्ष में फैसला किया।
शुरुआती सफर: हल्का क्लच और राइडिंग पोज़िशन का जादू
शोरूम से बाइक लेकर निकलते ही जिस पहली चीज़ ने मुझे सबसे ज़्यादा हैरान किया, वह इसका इंजन नहीं बल्कि इसका बेहद हल्का स्लिपर क्लच था। दिल्ली के बम्पर-टू-बम्पर ट्रैफिक में जो लोग रोज़ बाइक चलाते हैं, वे अच्छी तरह जानते हैं कि एक भारी क्लच आपकी कलाई का क्या हाल कर सकता है। पहले ही दिन मुझे समझ आ गया था कि इस बाइक के साथ रोज़ का कम्यूट थकाऊ नहीं होने वाला है। इंजन भी शुरू से ही काफी रिफाइंड और स्मूद महसूस हुआ-न कोई फालतू का वाइब्रेशन और न ही अचानक मिलने वाला कोई आक्रामक झटका। यह बहुत ही शांत और मैच्योर स्वभाव वाली बाइक लगी।
शुरुआती कुछ हफ़्तों में मुझे सबसे ज्यादा जिस चीज़ ने प्रभावित किया, वह था इसका राइडिंग कम्फर्ट। अक्सर नई बाइक खरीदने के बाद कुछ दिनों में शुरुआती जोश ठंडा हो जाता है और बाइक की कमियाँ दिखने लगती हैं, लेकिन रोनिन के साथ मेरे मामले में बिल्कुल उल्टा हुआ। मैं जितना ज़्यादा इसे चलाता गया, इसकी राइडिंग पोज़िशन मुझे उतनी ही बेहतर लगने लगी। एक शाम ऑफिस से घर लौटते समय मुझे अचानक अहसास हुआ कि पहले की तरह मेरे कंधों या कलाई में कोई अकड़न नहीं थी। तब मुझे समझ आया कि रोज़ाना इस्तेमाल होने वाली बाइक में ये छोटी-छोटी व्यावहारिक चीज़ें ही लॉन्ग-टर्म में सबसे बड़ा फर्क पैदा करती हैं।
दिल्ली के ट्रैफिक में Ronin का असली इम्तिहान
नई बाइक खरीदने के बाद पहले कुछ दिन तो हर राइड अच्छी लगती है, लेकिन असली परीक्षा तब शुरू होती है जब वही बाइक आपके रोज़ सुबह ऑफिस जाने और शाम को घर वापस आने का हिस्सा बन जाती है। दिल्ली का भारी ट्रैफिक किसी भी मोटरसाइकिल के लिए आसान नहीं होता। कई बार सिग्नल्स पर पाँच-पाँच मिनट खड़ा रहना पड़ता है, तो कभी आधे KM तक सिर्फ पहले गियर में ही धीरे-धीरे रेंगना पड़ता है।
यहीं मुझे पहली बार समझ आया कि टीवीएस ने इस बाइक को रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए कितना व्यावहारिक बनाया है। इसका सबसे बड़ा कारण है इसका बेहद हल्का क्लच और GTT (Glide Through Technology)। जो लोग भारी क्लच वाली बाइक रोज़ ट्रैफिक में चलाते हैं, वे जानते हैं कि कुछ ही महीनों में कलाई और उंगलियों में दर्द होने लगता है। रोनिन का क्लच इतना हल्का है कि बार-बार दबाने पर भी हाथ जल्दी नहीं थकता। इसके अलावा, धीमी रफ्तार पर भी बाइक का बैलेंस कमाल का रहता है। तंग गलियों से बाइक निकालना हो या अचानक यू-टर्न लेना हो, यह गाड़ी भारी या अनमैनेजेबल महसूस नहीं होती।
इंजन का स्वभाव: आक्रामक नहीं, बल्कि शांत
अगर कोई मुझसे पूछे कि रोनिन के 225cc इंजन का स्वभाव कैसा है, तो मैं सिर्फ यही कहूँगा की इसका इंजन बेहद शांत और स्मूथ है। यह इंजन आपको हर समय रेस लगाने या तेज़ भागने के लिए उकसाता नहीं है, बल्कि आराम से अपनी रफ्तार में क्रूज़ करना पसंद करता है। शहर की सामान्य स्पीड पर बाइक बिना किसी तनाव के चलती रहती है, जिसकी वजह से बार-बार गियर बदलने की ज़रूरत भी नहीं पड़ती।
अगर आप Apache RTR 200 4V जैसी किसी प्रॉपर स्पोर्टी बाइक से इस पर शिफ्ट हो रहे हैं, तो शुरुआत में आपको इसका इंजन थोड़ा सुस्त या अलग लग सकता है क्योंकि इसमें अचानक मिलने वाला वो आक्रामक पिकअप (Instant Punch) नहीं है। लेकिन कुछ दिन बिताने के बाद समझ आता है कि टीवीएस ने इसे एक अलग सोच के साथ बनाया है। यह बाइक हर बार तेज़ एक्सीलरेशन देने के बजाय बहुत ही लीनियर और स्मूद तरीके से स्पीड बढ़ाती है, जो लंबी ओनरशिप में बहुत सुकून देती है।
पहली हाईवे राइड और क्रूज़िंग स्पीड का ‘स्वीट स्पॉट’
शहर में आरामदायक लगने वाली यह बाइक खुली सड़क पर कैसा व्यवहार करेगी, इसे लेकर मैं काफी उत्सुक था। एक महीने बाद जब मुझे इसे हाईवे पर ले जाने का मौका मिला, तब इसके हाईवे कैरेक्टर की असलियत सामने आई। जैसे ही साफ सड़क मिली, मैंने धीरे-धीरे स्पीड बढ़ानी शुरू की-80, 85 और फिर 90 किमी/घंटा।
ओनर की टिप: मेरे 8,000 KM के अनुभव में TVS Ronin की सबसे आरामदायक क्रूज़िंग स्पीड 85 से 95 किमी/घंटा के बीच है। इस रफ्तार पर इंजन बिल्कुल रिलैक्स्ड रहता है, वाइब्रेशन न के बराबर महसूस होती है और आपको एक गज़ब का राइडिंग कम्फर्ट मिलता है।
100 किमी/घंटा की रफ्तार पर भी बाइक स्टेबल रहती है, लेकिन उससे ऊपर जाने पर इंजन थोड़ा खिंचा हुआ महसूस होने लगता है। ओवरटेकिंग की बात करें, तो अगर आप पहले से थोड़ा प्लान करके थ्रॉटल देते हैं, तो बाइक बिना किसी घबराहट के आगे निकल जाती है। हाँ, अगर आपकी आदत हाईवे पर हर समय 110-120 किमी/घंटा पर बाइक भगाने की है, तो शायद यह इंजन आपको छोटा महसूस हो।
रियल-वर्ल्ड माइलेज का कड़वा और मीठा सच
बाइक खरीदते समय हर किसी का पहला सवाल होता है-“माइलेज कितनी देगी?” इंटरनेट पर कोई इसे 30 का बताता है तो कोई 40 पार का दावा करता है। लेकिन 8,000 KM चलाने के बाद मुझे इसका वास्तविक आंकड़ा समझ आया है:

| राइडिंग कंडीशन | वास्तविक माइलेज (Real Mileage) |
| दिल्ली का भारी ट्रैफिक | 30 – 32 kmpl |
| मिश्रित उपयोग (City + Highway) | 34 – 36 kmpl |
| प्योर हाईवे क्रूज़िंग (85-90 km/h) | 38 – 40 kmpl |
अगर आप बहुत आक्रामक तरीके से बार-बार एक्सीलरेटर नहीं घुमाते हैं, तो रोज़मर्रा की भागदौड़ में 35 kmpl का कंबाइंड माइलेज मानकर चलना सबसे वास्तविक है। 225cc इंजन के हिसाब से यह एक काफी अच्छा और व्यावहारिक आंकड़ा है।
1 साल बाद सामने आईं कुछ कमियाँ (Cons)
कोई भी मोटरसाइकिल पूरी तरह परफेक्ट नहीं होती और रोनिन में भी कुछ ऐसी बातें हैं जो आपको खरीदने से पहले पता होनी चाहिए:
- स्पोर्टी परफॉर्मेंस की कमी: अगर आपको हर सिग्नल से सबसे पहले रॉकेट की तरह निकलना पसंद है, तो इसका शांत स्वभाव आपको साधारण लग सकता है।
- सीमित टॉप-एंड पावर: यह बाइक आराम से सफर तय करने के लिए बनी है। 100 किमी/घंटा के बाद इसमें वो दम महसूस नहीं होता जो एक प्योर क्रूज़र या स्पोर्ट्स बाइक में होना चाहिए।
- इंजन हीट (नॉर्मल लेकिन मौजूद): दिल्ली की कड़कती गर्मी में जब आप आधे घंटे बम्पर-टू-बम्पर ट्रैफिक में फंसते हैं, तो पैरों के पास हल्की हीट महसूस होती है। हालांकि, यह कभी भी असहनीय लेवल पर नहीं जाती।
अंतिम शब्द: क्या मैं इसे दोबारा खरीदूँगा?
अगर आज एक साल बाद कोई मुझे फिर से 2 लाख रूपयेका बजट दे और इसी रेंज में कोई बाइक चुनने को कहे, तो मेरा जवाब होगा-हाँ, मैं TVS Ronin को दोबारा खरीदना पसंद करूँगा।
इसका कारण सिर्फ इसका यूनिक लुक नहीं है, बल्कि इसकी रोज़मर्रा की उपयोगिता (Practicality) है। इस बाइक ने पिछले एक साल में मुझे कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि मेरा फैसला गलत था। अगर आपकी प्राथमिकता रोज़मर्रा की आरामदायक राइडिंग है, तो Ronin एक मजबूत विकल्प है। लेकिन अगर आपका फोकस तेज़ परफॉर्मेंस है, तो खरीदने से पहले Apache RTR 200 4V या Hunter 350 की टेस्ट राइड भी ज़रूर करें। जो रोज़ 30 से 50 KM का सफर तय करते हैं, जिन्हें ट्रैफिक में एक हल्की और आरामदायक बाइक चाहिए, और जो वीकेंड्स पर छोटी हाईवे ट्रिप्स का मज़ा लेना चाहते हैं। यह रेस लगाने वालों के लिए नहीं, बल्कि एक शांत और भरोसेमंद सफर पसंद करने वालों के लिए बनी है।

अंकित मंजरिया एक ऑटोमोबाइल कंटेंट राइटर, SEO प्रोफेशनल और Autobaba के संस्थापक हैं। उन्हें कारों और मोटरसाइकिलों के वास्तविक ओनरशिप अनुभव, लॉन्ग-टर्म रिव्यू, माइलेज टेस्ट और खरीदारी गाइड लिखने का अनुभव है। उनका उद्देश्य सिर्फ स्पेसिफिकेशन बताना नहीं, बल्कि भारतीय खरीदारों को ऐसी जानकारी देना है जो वास्तविक ड्राइविंग, रोज़मर्रा के उपयोग और प्रैक्टिकल ओनरशिप पर आधारित हो। Autobaba पर प्रकाशित उनके लेख निष्पक्ष रिसर्च, विश्वसनीय स्रोतों और वास्तविक उपयोग के अनुभव को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों को सही खरीदारी का निर्णय लेने में मदद मिल सके।